Movie prime

Lucknow: कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 15 बच्चों की दर्दनाक मौत; CM योगी और PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
 

 
 Lucknow: कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 15 बच्चों की दर्दनाक मौत; CM योगी और PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 15 बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए हैं। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के दौरान बगल के मकान की छत से कोचिंग सेंटर की दीवार काटकर अंदर फंसे छात्रों को निकालने का प्रयास किया गया। अब तक 10 छात्रों को सुरक्षित निकालकर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक हादसे को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी आंखों से 15 बच्चों के शव देखे हैं। यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है।"

घटनास्थल पर डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ दौरे से लौटते समय जनसभा को संबोधित करते हुए घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है और हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा भी की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोचिंग सेंटर की इमारत से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।