Movie prime

लखनऊ के डॉ. पीके शुक्ला को लंदन संसद में मिलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी भी करेगी सम्मानित
 

 
 लखनऊ के डॉ. पीके शुक्ला को लंदन संसद में मिलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी भी करेगी सम्मानित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। होम्योपैथी के जनक डॉ. क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमुअल हैनिमैन की जयंती के अवसर पर 10 अप्रैल को लखनऊ के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पीके शुक्ला को लंदन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. शुक्ला को यह सम्मान ब्रिटिश पार्लियामेंट के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में आयोजित ‘होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026’ के दौरान प्रदान किया जाएगा। इस सम्मेलन का आयोजन ‘यूके-इंडिया कॉन्फ्रेंस ऑन होलिस्टिक मेडिसिन’ के तहत किया जा रहा है, जिसमें ब्रिटेन के कई वरिष्ठ सांसद, चिकित्सक और हेल्थकेयर विशेषज्ञ भाग लेंगे।

सम्मेलन के दौरान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक, इयोन मोर्गन और स्टुअर्ट ब्रॉड की भी उपस्थिति रहेगी।

डॉ. शुक्ला के तीन दिवसीय लंदन प्रवास के दौरान उन्हें प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा भी सम्मानित किया जाएगा, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, लखनऊ में बतौर प्रवक्ता कार्यरत डॉ. प्रदीप कुमार (पीके) शुक्ला पिछले साढ़े तीन दशक से होम्योपैथी के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके लंबे अनुभव और उल्लेखनीय योगदान के चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

सम्मेलन के आयोजक ‘1928 इंस्टीट्यूट’ की सह-अध्यक्ष डॉ. निकिता वेद द्वारा भेजे गए आमंत्रण पत्र में उनके होम्योपैथी क्षेत्र में असाधारण और आजीवन योगदान की सराहना की गई है। इस कार्यक्रम में वे शिवानी राजा, बैरोनेस वर्मा, लॉर्ड रावल सहित कई ब्रिटिश सांसदों और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ मंच साझा करेंगे।

मूल रूप से कानपुर देहात के निवासी डॉ. शुक्ला इससे पहले 2025 में जर्मनी और 2024 में दुबई में भी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित ‘मारुति होम्यो क्लीनिक’ का संचालन कर रहे हैं, जहां वे डेंगू, चिकनगुनिया, चर्म रोग, बालों की समस्याओं और विभिन्न वायरल बीमारियों का सफल उपचार कर रहे हैं।