Movie prime

'UP में माफिया राज खत्म, बुलडोजर बना ब्रांड', बोले CM योगी; जेवर में लगेगा 1200 करोड़ का ट्रैक्टर प्लांट
 

 
 'UP में माफिया राज खत्म, बुलडोजर बना ब्रांड', बोले CM योगी; जेवर में लगेगा 1200 करोड़ का ट्रैक्टर प्लांट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब कानून का राज स्थापित हो चुका है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश की पहचान बदल दी है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। अगर कंपनियां यूपी में बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण करेंगी, तो देश-विदेश में उनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 12 नवंबर को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस परियोजना में करीब 1,220 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। लगभग 100 एकड़ में स्थापित होने वाली इस इकाई से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

'कभी गोलियां चलती थीं, आज निवेश का केंद्र बना जेवर'

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जिस इलाके में कभी अपराध और गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, वह आज देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो रहा है। उन्होंने जेवर को भारत का 'गहना' बताते हुए कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र के विकास से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

उन्होंने कहा कि जेवर और आसपास के क्षेत्रों में सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इससे उत्तर प्रदेश को औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब बनाने में मदद मिलेगी।

'बीमारू राज्य से टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा यूपी'

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान पिछड़ेपन, पलायन और अराजकता से जुड़ी थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश निवेशकों की पसंद बन रहा है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ निवेशकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने पर विशेष ध्यान दिया है।

यूपी को मिले 50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उनके अनुसार, इनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है, जबकि आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर लगभग 25 हजार हो गई है।

100 एकड़ में बनेगा ट्रैक्टर प्लांट, युवाओं को मिलेगा रोजगार

यीडा क्षेत्र के सेक्टर-8डी में स्थापित होने वाले सीएनएच इंडस्ट्रियल के ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र को प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

करीब 1,219.81 करोड़ रुपये की इस परियोजना से लगभग 1,200 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त परिवहन, आपूर्ति शृंखला, भंडारण और सहायक उद्योगों में भी रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस संयंत्र की स्थापना से कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा।

युवाओं को नई तकनीक के लिए तैयार कर रही सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करने पर जोर दे रही है।

उन्होंने बताया कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार किया जा रहा है।

आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में रोजगार और नवाचार की नई संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा तथा यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजना को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।