Movie prime

यूपी में शिक्षा विभाग का बड़ा बदलाव, वाराणसी सहित 30 जिलों के BSA बदले गए

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वाराणसी समेत 30 जिलों में नए BSA तैनात किए गए हैं। कई अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की गई हैं। शासन की ओर से देर रात जारी आदेश के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है।

 
BSA बदले गए
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ/वाराणसी: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के 30 जिलों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के तबादले और नई तैनाती की गई है। इनमें 10 बीएसए के जिले बदले गए हैं, जबकि कई पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। देर रात तक जारी रही तबादला प्रक्रिया के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई।

इन अधिकारियों का हुआ तबादला

जारी आदेश के अनुसार बीएसए राकेश सिंह को अलीगढ़ से आगरा, आलोक सिंह को हमीरपुर से अलीगढ़, रणवीर सिंह को ललितपुर से हाथरस, वीरेंद्र कुमार सिंह को बदायूं से बुलंदशहर और भूपेंद्र सिंह को प्रतापगढ़ से वाराणसी भेजा गया है। इसी तरह गोरखनाथ पटेल को जौनपुर से सीतापुर, डॉ. राम जियावन मौर्य को कुशीनगर से देवरिया स्थानांतरित किया गया है।

प्रधानाचार्य ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पीलीभीत संतोष कुमार को बीएसए शामली, विधि अधिकारी शिक्षा निदेशालय बेसिक अनिल कुमार को बीएसए फिरोजाबाद और प्रभारी सहायक शिक्षा निदेशक खेल माध्यमिक शिक्षा जय शंकर श्रीवास्तव को बीएसए शाहजहांपुर बनाया गया है।

प्रवक्ता आईएएसई प्रयागराज समीर को बीएसए जौनपुर, सहायक उप शिक्षा निदेशक एससीईआरटी लखनऊ अमित सिंह को बीएसए मुरादाबाद तथा प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज रायबरेली रत्नेश कुमार को बीएसए ललितपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उप सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज पूनम मिश्रा को बीएसए अंबेडकरनगर बनाया गया है।

कई नए अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज सोनभद्र रंजना शुक्ला को बीएसए चित्रकूट नियुक्त किया गया है। वहीं वरिष्ठ प्रवक्ता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बागपत हरिओम सिंह को बीएसए कानपुर नगर बनाया गया है।

वरिष्ठ प्रवक्ता डायट भदोही विकास चौधरी को बीएसए जालौन, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट फर्रुखाबाद अनुपम अवस्थी को बीएसए एटा, प्रवक्ता डायट नवीन कुमार को बीएसए बदायूं और वरिष्ठ प्रवक्ता डायट देवरिया अनिल सिंह को बीएसए कुशीनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हटाए गए सोनभद्र और गाजीपुर समेत 17 BSA

शासन ने कई जिलों के बीएसए को हटाकर अन्य पदों पर तैनाती दी है। बीएसए शामली लता राठौर को डायट मेरठ, बीएसए एटा दिनेश कुमार को डायट बुलंदशहर और बीएसए हापुड़ रितु तोमर को डायट गौतमबुद्धनगर भेजा गया है।

बीएसए महराजगंज रिद्धि पांडेय को डायट सोनभद्र, बीएसए फतेहपुर भारती त्रिपाठी को डायट प्रयागराज और बीएसए सीतापुर अखिलेश प्रताप सिंह को डायट लखनऊ स्थानांतरित किया गया है।

बीएसए अंबेडकरनगर शैलेश कुमार पटेल को डायट गाजीपुर, बीएसए झांसी विपुल शिव सागर को डायट सीतापुर तथा बीएसए बलरामपुर शुभम शुक्ला को डायट हरदोई भेजा गया है।

इसी क्रम में बीएसए चित्रकूट बीके शर्मा को डायट हाथरस, बीएसए मैनपुरी दीपिका गुप्ता को डायट लखनऊ और बीएसए कन्नौज के पद पर तैनात संदीप कुमार को डायट गाजियाबाद-हापुड़ में वरिष्ठ प्रवक्ता बनाया गया है।

वहीं बीएसए हाथरस स्वाती भारती और बीएसए शाहजहांपुर दिव्या गुप्ता को सहायक उप शिक्षा निदेशक एससीईआरटी लखनऊ में तैनाती दी गई है। बीएसए मुरादाबाद विमलेश कुमार और बीएसए कानपुर देहात अजय कुमार मिश्रा को विधि शिक्षाधिकारी शिविर कार्यालय शिक्षा निदेशक बेसिक बनाया गया है।

देर रात तक चलती रही तबादलों की प्रक्रिया

स्थानांतरण नीति 2026-27 के तहत शनिवार को कई विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए। देर रात तक विभागों में तबादला सूची तैयार करने का काम चलता रहा। अवकाश के दिन भी सचिवालय में अधिकारी और कर्मचारी सूची को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। शासन के अनुसार रविवार को भी तबादलों की प्रक्रिया जारी रह सकती है।

कई विभागों में जारी हुए आदेश

बेसिक शिक्षा विभाग के अलावा उच्च शिक्षा, पंचायती राज, अग्निशमन, कारागार, अल्पसंख्यक कल्याण, आबकारी और परिवहन विभाग में भी बड़े पैमाने पर स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। शासन प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार समीक्षा कर रहा है।