Movie prime

UP शिक्षक भर्ती में हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 2 वर्षीय डिग्री धारक भी कर सकेंगे आवेदन
 

 
 UP शिक्षक भर्ती में हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 2 वर्षीय डिग्री धारक भी कर सकेंगे आवेदन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्नातक के बाद किसी एक विषय में न्यूनतम दो वर्षीय डिग्री कोर्स करने वाले अभ्यर्थियों को अनंतिम रूप से आवेदन करने की अनुमति दे दी है। ऐसे अभ्यर्थी 28 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने इसकी जानकारी दी।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने लिया फैसला

आयोग का यह निर्णय विज्ञापन संख्या 07/2026 के तहत निकाली गई टीजीटी भर्ती पर लागू होगा। इस भर्ती का विज्ञापन 23 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था। शैक्षिक योग्यता से जुड़े मामले में आशुतोष मिश्रा समेत 157 अभ्यर्थियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने 26 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया, जिसके बाद आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों को अनंतिम रूप से आवेदन और चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी है।

इन शैक्षिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने स्नातक के बाद किसी एक विषय में कम से कम दो वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम पूरा किया हो। संबंधित डिग्री का स्नातक के समकक्ष मान्यता प्राप्त होना आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों के स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अथवा परास्नातक में 45 प्रतिशत अंक होने चाहिए। निर्धारित शैक्षिक योग्यताएं 28 नवंबर 2026 तक पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही आवेदन का अवसर मिलेगा।

हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी उम्मीदवारी

आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी पूरी तरह अनंतिम रहेगी। चयन प्रक्रिया के दौरान उनके अंकपत्रों, प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

अभ्यर्थियों की अंतिम पात्रता और चयन संबंधित याचिका में हाईकोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। ऐसे में आवेदन की अनुमति को अंतिम पात्रता अथवा चयन की गारंटी नहीं माना जाएगा।