Movie prime

सपा में शामिल हुए बसपा, भाजपा और AIMIM के कई नेता, अखिलेश यादव बोले- PDA से क्यों घबराते हैं संकीर्ण सोच वाले?
 

 
 सपा में शामिल हुए बसपा, भाजपा और AIMIM के कई नेता, अखिलेश यादव बोले- PDA से क्यों घबराते हैं संकीर्ण सोच वाले?
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को सपा की सदस्यता दिलाई। इनमें पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य शामिल रहे। अखिलेश यादव ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

सपा में शामिल होने वालों में प्रतापगढ़ के रानीगंज से वर्ष 2007 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर विधायक रहे राम शिरोमणि शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल हैं। गौरतलब है कि उन्होंने 21 मई को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात भी की थी। इसके बाद शनिवार को उन्होंने सपा की सदस्यता ग्रहण की।

हेमराज वर्मा की सपा में वापसी

पीलीभीत के बरखेड़ा से पूर्व सपा विधायक और अखिलेश यादव सरकार में राज्यमंत्री रहे हेमराज वर्मा ने भी पार्टी में वापसी की। उन्होंने अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ली।

हेमराज वर्मा ने 2012 में बरखेड़ा विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव जीता था। बाद में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। अब उन्होंने एक बार फिर सपा में वापसी की है।

AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी सपा में शामिल

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अब्दुल मन्नान ने भी शनिवार को सपा का दामन थाम लिया। श्रावस्ती निवासी अब्दुल मन्नान ने पहले ही 29 अगस्त को सपा में शामिल होने की घोषणा की थी।

इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा मौर्य समेत कई पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य भी अपने समर्थकों के साथ सपा कार्यालय पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

अखिलेश ने PDA को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में संकीर्ण सोच रखने वाले लोग PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से घबराए हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर PDA से इतनी घबराहट क्यों है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के लिहाज से PDA बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “P और D से किसी के पेट में दर्द हो रहा है।” उन्होंने दावा किया कि चुनाव में PDA जितना गंभीर है, उतना कोई दूसरा मुद्दा नहीं है।

सपा कार्यालय में हुए इस सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और राजेंद्र चौधरी समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने की बात कही।