Movie prime

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत; 25 लोगों का किया गया रेस्क्यू

 
राधिका
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी गली धुएं के गुबार से भर गई। इस हादसे में बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ ही बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

संकरी गली बनी राहत कार्य में चुनौती 

राधिका अपार्टमेंट तक पहुंचने का रास्ता काफी संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।

कई गाड़ियां और सामान जलकर खाक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में आसपास का पूरा इलाका धुएं से ढक गया। अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

फिलहाल इस हादसे में दो लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, आग लगने के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आकलन करने की कार्रवाई की जा रही है।