कोचिंग सेंटर हादसे के बाद लखनऊ के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, आसपास के घर कराए गए खाली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह एक बार फिर भीषण आग लगने की घटना सामने आई। चिनहट थाना क्षेत्र स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि उसकी ऊंची लपटें कोल्ड स्टोरेज की टिन शेड से बाहर निकलती दिखाई दे रही थीं। वहीं, काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक आसमान में नजर आया। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी सूचना
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठते देखा। इसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
फिलहाल प्रशासन की टीम कोल्ड स्टोरेज के अंदर मौजूद लोगों की तलाश कर रही है। आग बुझाने के लिए हाईड्रोलिक मशीनों और कई दमकल वाहनों की मदद ली जा रही है।
एहतियात के तौर पर खाली कराए गए आसपास के घर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आसपास के मकानों को एहतियातन खाली कराया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आग पर काबू पाने और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
चिनहट थाना पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और फायर विभाग हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस घटना के बाद अब चिनहट में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग ने एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
