मेरठ की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल हत्याकांड पर गरमाई राजनीति, मायावती और अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
Lucknow : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर मायावती और अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मायावती ने बताया झकझोर देने वाली घटना
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मेरठ के सरधना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव की लगभग 17 वर्षीय राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है।
मायावती ने मांग की कि मामले में शामिल सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही हत्याएं प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रतीक हैं।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या सहित अन्य आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
16 अप्रैल से लापता थी अनुष्का
जानकारी के अनुसार, मेरठ के दौराला क्षेत्र स्थित चिरोड़ी गांव की रहने वाली अनुष्का पाल 16 अप्रैल से लापता थी। वह राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी थीं और अपने भाई अनमोल के साथ शोभापुर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई और खेल अभ्यास कर रही थीं।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान एक नाले से बरामद शव को अनुष्का का बताया गया, हालांकि अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।
ऐसे पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी
पुलिस जांच में अनुष्का की कॉल डिटेल और अंतिम लोकेशन खंगाली गई। जांच में उसकी आखिरी लोकेशन श्याम धनक नामक युवक के साथ मिली। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और पूछताछ में उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी फास्ट-फूड का व्यवसाय करता था और उसने अनुष्का को कुछ पैसे उधार दिए थे। इसी लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
