Movie prime

अयोध्या में बनेगा 34 कमरों वाला आधुनिक गेस्ट हाउस, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर ठहरने की सुविधा
 

 
 अयोध्या में बनेगा 34 कमरों वाला आधुनिक गेस्ट हाउस, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर ठहरने की सुविधा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या I मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी विजन के तहत तेजी से विकसित हो रही अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ठहरने की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में रामकथा पार्क परिसर में एक आधुनिक पर्यटक आवास गृह (गेस्ट हाउस) का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। परियोजना का उद्देश्य बढ़ती पर्यटक संख्या को ध्यान में रखते हुए बेहतर और किफायती आवास उपलब्ध कराना है।

रामायण की कथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रसिद्ध रामकथा पार्क अब जी+3 मंजिला नए भवन के साथ और अधिक आकर्षक बनने जा रहा है। प्रस्तावित पर्यटक आवास गृह में कुल 34 सुसज्जित कमरे होंगे, जहां श्रद्धालु आरामदायक वातावरण में ठहर सकेंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2421.08 लाख रुपये है।

निर्माण कार्य की देखरेख यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-11, अयोध्या द्वारा की जा रही है, जबकि पीपीई प्रणाली के तहत एलएंडटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इसे क्रियान्वित कर रही है। प्रतिष्ठित कंपनी के जुड़ने से गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर भरोसा जताया जा रहा है।

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ऐसे में आवास सुविधाओं का विस्तार आवश्यक हो गया था। रामकथा पार्क का यह नया गेस्ट हाउस विशेष रूप से मध्यम वर्गीय श्रद्धालुओं के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगा। राज्य सरकार द्वारा घाटों के सौंदर्यीकरण, सड़कों के चौड़ीकरण, टेंट सिटी और थीम पार्क जैसी अन्य परियोजनाओं के साथ यह आवास गृह अयोध्या की विकसित होती छवि को और सुदृढ़ करेगा।

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

नया पर्यटक आवास गृह पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें 34 कमरे, किचन, रेस्टोरेंट, लिफ्ट, वातानुकूलित कक्ष, रिसेप्शन लॉबी, आधुनिक स्नानघर, वाई-फाई और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कमरों का डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि पर्यटक रामकथा पार्क की हरियाली और रामायण से जुड़े सांस्कृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।

जल्द पूरा करने की तैयारी

यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है, ताकि इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा कर पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। गेस्ट हाउस बनने के बाद श्रद्धालु यहां ठहरकर राम मंदिर, सरयू घाट और अन्य प्रमुख स्थलों का सहजता से दर्शन कर सकेंगे।