Movie prime

प्रदेश भर के स्कूलों में ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान शुरू, तीन दिन तक होंगे सशक्तीकरण कार्यक्रम
 

 
 प्रदेश भर के स्कूलों में ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान शुरू, तीन दिन तक होंगे सशक्तीकरण कार्यक्रम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: प्रदेश के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में गुरुवार से ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान की शुरुआत हो गई है। यह विशेष अभियान तीन दिनों तक चलेगा, जिसका उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

अभियान के पहले दिन परिषदीय विद्यालयों में उन छात्राओं के अभिभावकों को सम्मानित किया गया, जिनकी उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक रही है। इसके साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर नारी सम्मान का संदेश दिया गया। विकास खंड स्तर पर भी नारी सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

17 अप्रैल को विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रदर्शन, समाज सेवा गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इसके अलावा 20 अप्रैल को ‘सशक्त नारी, समृद्धि भारत’ विषय पर वाद-विवाद और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन, स्वरचित कविता और पोस्टर मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी गतिविधियों की फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।