पीडीए नहीं, पर्सनल डेवलपमेंट एसोसिएशन है सपा- अखिलेश यादव पर डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का तीखा वार
Dec 19, 2025, 10:58 IST
WhatsApp Channel
Join Now
Facebook Profile
Join Now
Instagram Profile
Join Now
Lucknow : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिस पीडीए की बात करते हैं, वह वास्तव में पर्सनल डेवलपमेंट एसोसिएशन है। उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता की लालसा अखिलेश यादव को लगातार झूठ बोलने पर मजबूर कर रही है और वे पूरी तरह से दिग्भ्रमित हो चुके हैं।
भाजपा सरकार गुणवत्तापूर्ण जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण जीवन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार निरंतर तेज गति से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने होने के बावजूद अखिलेश यादव उसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
तेजी से डेवलप्ड स्टेट बन रहा उत्तर प्रदेश
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश 24 घंटे बिजली आपूर्ति, बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मजबूत कनेक्टिविटी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सुधरे हुए जीवन स्तर के साथ एक विकसित राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव इन उपलब्धियों की तुलना अपने शासनकाल से करते होंगे, तो उन्हें निश्चित रूप से फर्क साफ नजर आता होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में टूटी सड़कें, अंधेरा, बदहाल अस्पताल और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
प्रदूषण के आंकड़ों पर सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं
ब्रजेश पाठक ने प्रदूषण के आंकड़ों पर उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा कि एयर क्वालिटी की रीडिंग केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आईआईटी द्वारा लगाए गए सेंसर से ली जाती है। इसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता।
पुलिस और एसटीएफ ने माफियाओं का किया सफाया
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने हर घटना का निष्पक्ष और प्रभावी अनावरण किया है। अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और बद्दो जैसे कुख्यात अपराधियों समेत संगठित माफिया गिरोहों का प्रदेश से पूरी तरह सफाया हो चुका है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को तकलीफ इसलिए है क्योंकि वह इन्हीं माफियाओं के सहारे सत्ता चलाती रही है।
भर्तियों पर बोलने का सपा को कोई अधिकार नहीं
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पुलिस भर्ती और लेखपाल भर्ती जैसे मामलों पर समाजवादी पार्टी को बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में भर्तियों में जातिवाद और भाई-भतीजावाद हावी था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार में 8,085 लेखपाल पदों पर पूरी तरह मेरिट और योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती की गई है।
लाखों नौकरियां, पूरी पारदर्शिता के साथ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लाखों नौकरियों में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्तियां हुई हैं। एक भी भर्ती में गड़बड़ी नहीं हुई और आरक्षण के सभी नियमों का पालन किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 68 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराया है।
बयानबाजी तक सीमित रह गए अखिलेश
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनका लक्ष्य अब केवल बयानबाजी करना रह गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के मामले में देश में अग्रणी बन चुका है और जनता यह सब देख रही है।
