15 अगस्त पर UP को मिलेगा हरियाली का उपहार, हर जिले में बनेगी वंदे मातरम् वाटिका
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिलेगा। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 15 अगस्त को सभी जिलों में ‘वंदे मातरम् वाटिका’ की स्थापना की जाएगी। इसके लिए वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
वन विभाग के अनुसार, प्रत्येक जिले में एक चयनित स्थान पर 150 पौधों का रोपण किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकृति को समर्पित श्रद्धांजलि के रूप में किया जाएगा।
स्थानीय प्रजातियों के पौधों से विकसित होंगी वाटिकाएं
प्रदेश के हर जिले में विकसित होने वाली ‘वंदे मातरम् वाटिका’ में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप छायादार, फलदार और पर्यावरण संरक्षण में सहायक प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर तय की जाएगी, जिससे यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर एक स्थायी हरित धरोहर का रूप ले सके।
जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, वंदे मातरम् फाउंडेशन एवं ट्रस्ट, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी विभाग शामिल होंगे।
अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें पौधों के संरक्षण से जोड़ना है।
हरियाली से जुड़ेगा आजादी का संदेश
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सामाजिक वानिकी दीपक कुमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम् वाटिका’ प्रदेश में चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान की महत्वपूर्ण कड़ी होगी। यह पहल आजादी के अमृत संदेश को हरियाली से जोड़ने का माध्यम बनेगी।
स्वतंत्रता दिवस पर लगाए जाने वाले ये पौधे आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश देंगे। इस बार पौधारोपण कार्यक्रम को केवल सरकारी आयोजन न बनाकर जनभागीदारी से जुड़े व्यापक हरित अभियान के रूप में आयोजित करने की तैयारी है।
