शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन सीएम योगी का विपक्ष पर करारा हमला, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
लखनऊ I उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे और अंतिम दिन बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने प्रदेश को 'बीमारू' राज्यों की सूची से बाहर निकालने से लेकर कानून-व्यवस्था सुधारने तक के दावे किए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमें खुशी है कि हमने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्यों की सूची से बाहर निकाला है। आज प्रदेश में व्यापारियों से गुंडा टैक्स नहीं वसूला जाता। अगर कोई गुंडा किसी बेटी को छेड़ता है, तो वह जानता है कि जल्द ही यमराज का बुलावा आ जाएगा।" उन्होंने माफिया और अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, "अगर आबादी की भूमि या सरकारी भूमि पर कोई माफिया कब्जा करके मॉल बनाता है या वसूली का अड्डा चलाता है और अनैतिक गतिविधियां संचालन करता है, तो बुलडोजर चलेगा और कोई रोक नहीं सकता।
सीएम योगी ने सरकारी योजनाओं की लूट रोकने का दावा करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने योजनाओं में जो लूट थी, उसे रोका। सपा के लोग इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करते हैं और बड़े-बड़े दावे करते हैं। जेपीएनआईसी पौने दो सौ करोड़ का प्रोजेक्ट था, लेकिन 860 करोड़ खर्च होने के बाद भी अधूरा रहा। गोमती रिवर फ्रंट 167 करोड़ का था, 1400 करोड़ खर्च हो गए तब भी अधूरा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सिविल वर्क के लिए 15 हजार 200 करोड़ तय थे, लेकिन हमने इसे 11 हजार 400 करोड़ में पूरा करके दिखाया। यही सपा के समय इंफ्रास्ट्रक्चर की सच्चाई है।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए योगी ने कहा कि यूपी में दंगा और अराजकता नहीं है। दंगे का उपचार क्या है? इस बारे में बरेली के मौलाना से पूछ लीजिए। यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा। अब सब कुछ चंगा है।" उन्होंने सपा की निष्कासित विधायक पूजा पाल का मामला उठाते हुए विपक्ष को घेरा। "आपकी पार्टी से चुनी गईं पूजा पाल को आपने न्याय नहीं दिलाया, क्योंकि आपमें हिम्मत नहीं थी। माफिया के सामने झुकना आपकी मजबूरी थी। आप गुंडों और माफिया के सामने एक गरीब बेटी को न्याय नहीं दे पाए। क्या वह पीडीए की पार्ट नहीं थीं? बेटी चाहे उस पक्ष की हो या हमारे पक्ष की, हर हाल में न्याय मिलेगा।"
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी सीएम योगी ने विपक्ष को नहीं बख्शा। उन्होंने बांग्लादेश में हालिया दलित हिंदू की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि तुष्टिकरण की नीति के कारण ही पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। बांग्लादेश में एक दलित हिंदू को पीटकर मार दिया गया, लेकिन जो लोग गाजा पर आंसू बहाते थे, उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। क्योंकि उनके लिए दलित, किसान और महिलाएं सिर्फ वोट बैंक हैं। अगर हम बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों और रोहिंग्याओं को निकालेंगे, तो यही लोग आंसू बहाएंगे, क्योंकि कई तो उनके वोट बैंक होंगे।
