कानपुर में SSC GD परीक्षा में पेपर लीक का आरोप, अभ्यर्थियों का बवाल; हाईवे जाम, पुलिस से झड़प
कानपुर। कानपुर के सरसौल क्षेत्र स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर में रविवार को आयोजित एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक और समय से पहले प्रश्नपत्र बांटे जाने के आरोपों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और महाराजपुर हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक व झड़प की स्थिति भी बन गई।
जानकारी के मुताबिक, सरसौल स्थित परीक्षा केंद्र पर रविवार दोपहर 1 बजे की शिफ्ट में एसएससी जीडी परीक्षा आयोजित थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि केंद्र प्रशासन ने कुछ चुनिंदा छात्रों को निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दे दिया, जबकि बाकी अभ्यर्थी बाहर इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि अंदर गए छात्रों को समय से पहले प्रश्नपत्र भी उपलब्ध करा दिया गया।
जैसे ही यह जानकारी बाहर मौजूद अभ्यर्थियों तक पहुंची, परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे और छात्रों ने पेपर लीक का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
केंद्र से बाहर निकाले गए परीक्षार्थी, हाईवे पर धरने पर बैठे छात्र
विवाद बढ़ने के बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन ने अंदर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को भी बाहर निकाल दिया। इससे नाराज छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। परीक्षा रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सैकड़ों छात्र परीक्षा केंद्र के बाहर महाराजपुर हाईवे पर धरने पर बैठ गए।
छात्रों के सड़क पर बैठते ही हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस और छात्रों के बीच बहस, मशक्कत के बाद खुला जाम
हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए छात्रों को सड़क से हटाया और यातायात को बहाल कराया।
जांच के घेरे में परीक्षा केंद्र, CCTV फुटेज खंगालने की तैयारी
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा संचालन में लापरवाही और पेपर लीक के आरोपों की जांच कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र संचालकों से पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
