Movie prime

नेम प्लेट विवाद पर गरमाई सियासत, अजय राय बोले- पहले राम मंदिर चढ़ावा चोरी के असली आरोपी पकड़िए

 
नेम प्लेट विवाद पर गरमाई सियासत, अजय राय बोले- पहले राम मंदिर चढ़ावा चोरी के असली आरोपी पकड़िए
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : सावन और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश में होटल, ढाबों और दुकानों पर नेम प्लेट लगाने के मुद्दे को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के बयान के बाद कांग्रेस ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे गंभीर मामले पर सरकार जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान नेम प्लेट जैसे मुद्दों की ओर मोड़ रही है।

अजय राय ने कहा कि देश की जनता पूछ रही है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के असली गुनहगारों पर कार्रवाई कब होगी। सरकार पहले इसका जवाब दे, फिर नेम प्लेट की बात करे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि साल के 330 दिन इन्हें पवित्रता की याद नहीं आती, लेकिन जैसे ही कोई धार्मिक आयोजन आता है, ये दिखावटी पवित्रता और राजनीति शुरू कर देते हैं। भगवान के दरबार में चोरी हुई और अब उसी पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है।

दरअसल, प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा था कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट के नाम भ्रम पैदा करने वाले नहीं होने चाहिए। उन्होंने दुकानों पर स्पष्ट पहचान और खाद्य सामग्री की जानकारी प्रदर्शित करने की बात कहते हुए कहा कि आस्था के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री के इस बयान के बाद नेम प्लेट का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। विपक्ष इसे जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रहा है, जबकि भाजपा इसे श्रद्धालुओं की सुविधा और पारदर्शिता से जुड़ा विषय बता रही है।