Movie prime

रायबरेली की बदहाल सड़कों पर राहुल गांधी ने अफसरों को लगाई फटकार, पूछा- आप लोग क्या कर रहे हैं?
 

 
 रायबरेली की बदहाल सड़कों पर राहुल गांधी ने अफसरों को लगाई फटकार, पूछा- आप लोग क्या कर रहे हैं?
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में आयोजित दिशा समिति की बैठक में जिले की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों के सामने सड़कों की तस्वीरें दिखाते हुए सवाल किया कि शिकायतों और समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि खराब सड़कों के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर देते हुए सड़क मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।

‘जब सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा?’

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा, “जब सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा है? आप लोग क्या कर रहे हैं?” उन्होंने सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

दिशा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, सड़कों के रखरखाव और मरम्मत कार्य की प्रगति को लेकर भी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने संबंधित अधिकारियों से सड़कों की मौजूदा स्थिति और अब तक किए गए काम की रिपोर्ट जल्द पेश करने को कहा, ताकि अगली समीक्षा में प्रगति का आकलन किया जा सके।

बैठक में ऊंचाहार से BJP विधायक मनोज पांडेय, एमएलसी एवं राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

जनता दरबार में भी पहुंचे लोग

दिशा समिति की बैठक से पहले राहुल गांधी ने रायबरेली में जनता दरबार लगाया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। इस दौरान महिला कांग्रेस की एक नेता ने राहुल गांधी को राखी भी बांधी। वहीं, सपा नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की।