Movie prime

प्रयागराज में 8 अगस्त को छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, लाखों छात्रों को करेंगे संबोधित
 

 
 प्रयागराज में 8 अगस्त को छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, लाखों छात्रों को करेंगे संबोधित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज: नीट (NEET) और सीबीएसई (CBSE) से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर एक बार फिर देश की राजनीति गर्माने जा रही है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज के सिविल लाइन्स स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज – छात्र संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

यह अभियान पहले 17 जून को कोटा से शुरू हुआ था, जबकि इसका दूसरा चरण 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया गया। अभियान का तीसरा चरण अब 8 अगस्त को प्रयागराज में होगा। पहले 9 अगस्त को दिल्ली में विशाल छात्र रैली के साथ इस चरण का समापन प्रस्तावित था, लेकिन दिल्ली सरकार से अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम को प्रयागराज में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

पार्टी प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि छात्र संवाद में रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं, पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों का माहौल और युवाओं के भविष्य जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी समेत कई जिलों के छात्र भाग लेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और स्थानीय नेताओं के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने बताया कि छात्र संवाद में प्रदेशभर के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की भागीदारी होगी।

कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर विवेकानंद पाठक के अनुसार, छात्र संवाद में शामिल होने के लिए अब तक 1.5 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।