Movie prime

अखिलेश यादव के समर्थन में उतरीं राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह, बोलीं- 'लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं
 

 
 अखिलेश यादव के समर्थन में उतरीं राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह, बोलीं- 'लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्रों के आंदोलन को अब समाज के विभिन्न वर्गों से समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं। इसी बीच कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भी छात्रों के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी है और अखिलेश यादव का आभार जताया है।

भानवी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अखिलेश यादव का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह लोकसभा में छात्रों के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में अखिलेश यादव कहते दिखाई दे रहे हैं कि यदि छात्रों की आवाज नहीं सुनी गई तो उनकी पार्टी सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने आंदोलन के दौरान छात्राओं और छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया।

भानवी सिंह ने क्या कहा?

अखिलेश यादव के वीडियो को साझा करते हुए भानवी सिंह ने लिखा कि इस न्याय की लड़ाई में जो भी छात्र, नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक सच और न्याय के पक्ष में निडर होकर खड़े हुए हैं, उन सभी का वह हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि किसी भी जनआंदोलन की सबसे बड़ी ताकत वे लोग होते हैं जो बिना किसी निजी स्वार्थ के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं और लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने लिखा कि इतिहास केवल बड़े नेताओं को ही नहीं, बल्कि उन अनगिनत नागरिकों को भी याद रखता है जिन्होंने कठिन समय में सच का साथ दिया और अन्याय के सामने झुकने से इनकार किया।

भानवी सिंह ने आगे कहा कि "लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है। जब तक सच बोलने वाले लोग मौजूद हैं, तब तक न्याय की उम्मीद भी जिंदा रहेगी।"

शुरू से आंदोलन के समर्थन में है समाजवादी पार्टी

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी शुरुआत से ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा चलाए जा रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करती रही है। पार्टी के कई सांसद आंदोलन स्थल पर पहुंच चुके हैं और छात्रों के साथ एकजुटता दिखाई है।

वहीं, 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद सपा सांसद डिंपल यादव भी जंतर-मंतर पहुंची थीं। उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात की और उनकी मदद की। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुए थे।