Movie prime

अयोध्या में सर्दी के साथ बदली रामलला की दिनचर्या, गर्म पानी से स्नान, बालभोग में काढ़ा और केसर दूध, कार्तिक पूर्णिमा से ओढ़ेंगे रजाई
 

 
कार्तिक पूर्णिमा से ओढ़ेंगे रजाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या। ठंड की दस्तक के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की सेवा में बदलाव किया गया है। पांच वर्षीय बाल स्वरूप में विराजमान रामलला को अब गर्म पानी से स्नान कराया जा रहा है और गर्म वस्त्र पहनाए जा रहे हैं। सुबह के बालभोग में रबड़ी के साथ काढ़ा और केसर वाला दूध अर्पित किया जा रहा है। रात में शयन से पहले गर्म दूध का भोग लगाया जाता है।

सुबह सात बजे से होते हैं दर्शन

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से 1 नवंबर से लागू समय-सारणी के मुताबिक, मंदिर के पट सुबह चार बजे खुलते हैं और साढ़े चार बजे मंगला आरती होती है। इसके बाद स्नान, अभिषेक और शृंगार की सेवा होती है। सुबह साढ़े छह बजे शृंगार आरती के बाद सात बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होते हैं। बालभोग के लिए सुबह आठ बजे से 8 बजकर 10 मिनट तक पट बंद रहते हैं। दोपहर के राजभोग में खीर, पूड़ी और सब्जी अर्पित की जाती है।

कार्तिक पूर्णिमा से रजाई ओढ़ाई जाएगी

मंदिर के व्यवस्था प्रमुख इंद्रदेव मिश्र के मुताबिक, रामलला के बाल स्वरूप की सेवा में ऋतु के अनुसार वस्त्र और भोग बदले जाते हैं। गर्मियों में शीतल पदार्थों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि सर्दियों में गर्म वस्त्र और गर्म भोग की व्यवस्था रहती है। जागरण से शयन तक की सेवा 14 प्रमुख सेवक संभालते हैं। मिश्र ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा से रामलला को रजाई भी ओढ़ाई जाएगी।