Movie prime

लखनऊ में संविदा बस चालकों की भर्ती शुरू, पहले दिन 30 आवेदन; 27 को ट्रायल के लिए बुलाया गया
 

 
UP: रोडवेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I रोडवेज में संविदा बस चालकों की भर्ती प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। अवध बस स्टेशन परिसर में आयोजित रोजगार मेले के पहले दिन कुल 30 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच के दौरान तीन आवेदन निरस्त कर दिए गए, जबकि 27 अभ्यर्थियों को बस चलाने के ट्रायल के लिए बुलाया गया है।

लखनऊ परिक्षेत्र में यह भर्ती प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान कुल 250 पदों पर संविदा बस चालकों की भर्ती की जानी है। आवेदन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लिए जा रहे हैं। मौके पर ही अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और योग्य पाए गए उम्मीदवारों को अगले दिन बस ट्रायल के लिए बुलाया जा रहा है।

चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बनारसी राम ने बताया कि पहले दिन प्राप्त आवेदनों में से तीन आवेदन अर्हता के अनुरूप नहीं पाए गए। इनमें एक आवेदन जन्मतिथि में विसंगति के कारण निरस्त किया गया। शेष 27 अभ्यर्थियों के प्रपत्र सही पाए गए हैं, जिन्हें अब बस ट्रायल देना होगा।

उन्होंने बताया कि ट्रायल में सफल होने वाले अभ्यर्थियों से 10 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा कराकर संविदा अनुबंध किया जाएगा। इसके बाद उन्हें ड्यूटी सौंपी जाएगी। संविदा चालकों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ पास निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया 25 मार्च तक चलेगी, जबकि एक अप्रैल से संविदा महिला परिचालकों की भर्ती शुरू की जाएगी।

सुविधाएं और बीमा कवर

क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि संविदा चालकों और परिचालकों को कई सुविधाएं दी जाएंगी। इसमें परिजनों के लिए प्रतिवर्ष पांच नि:शुल्क यात्रा पास, दो वर्ष की सेवा के बाद 17 से 20 हजार रुपये तक फिक्स वेतन और एक करोड़ रुपये का बीमा कवर शामिल है। इसके लिए अभ्यर्थियों का इंडियन बैंक में खाता होना अनिवार्य होगा।