गर्मी से मिलेगी राहत! यूपी में 24 घंटे में मानसून देगा दस्तक, IMD ने जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए जरूरी मौसमी परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं और अगले 24 घंटे में इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।
सोमवार तड़के लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बदायूं, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। सुबह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की धूप भी देखने को मिली।
46 जिलों में आंधी-बारिश, 26 में हीटवेव का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 26 जिलों में अभी भी हीटवेव की चेतावनी बनी हुई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में लू का असर लगभग समाप्त हो जाएगा।
16 दिन से यूपी-बिहार सीमा पर रुका था मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले 16 दिनों से यूपी-बिहार सीमा के आसपास रुका हुआ था। अब इसके धीरे-धीरे आगे बढ़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते मानसून प्रदेश में प्रवेश करेगा, जिससे कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और तराई के अन्य इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।
आमतौर पर उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री लगभग 9 से 10 दिन की देरी से हो रही है।
30 जून से शुरू होगा बारिश का नया दौर
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून से पहले मौसम में हलचल बढ़ गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अब लू का प्रभाव केवल कुछ जिलों तक सीमित रह गया है और अगले 24 घंटे में इससे पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 30 जून से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले तीन दिनों का मौसम
30 जून: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
1 जुलाई: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
2 जुलाई: पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
