Movie prime

बेटी किसी की भी हो, सम्मान जरूरी: अखिलेश की बेटी पर टिप्पणी मामले में सीएम योगी का सख्त संदेश
 

 
 बेटी किसी की भी हो, सम्मान जरूरी: अखिलेश की बेटी पर टिप्पणी मामले में सीएम योगी का सख्त संदेश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

सीएम योगी ने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, "बेटी, बेटी होती है और हम उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने के साथ-साथ अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी भाषा की मर्यादा सिखानी चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, "दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले यह भी सोचना चाहिए कि उनके लोग बेटियों और बहनों के प्रति किस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं। अपने लोगों को संस्कारित करना चाहिए। अच्छा होगा कि उन्हें समझाएं और अगर नहीं समझा सकते तो हमारे हवाले कर दें, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे।"

मुख्यमंत्री के इस बयान को राजनीतिक हलकों में समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला माना जा रहा है। जनसभा के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादाओं को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।