Movie prime

रिटायर्ड IAS डॉ. राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल, अजय राय ने दिलाई सदस्यता
 

 
 रिटायर्ड IAS डॉ. राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल, अजय राय ने दिलाई सदस्यता
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने बुधवार को लखनऊ में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दोनों का स्वागत किया और उन्हें तिरंगा पट्टिका पहनाई। प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने दोनों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि मौजूदा दौर में अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम करना जरूरी है।

उन्होंने लोकतंत्र और संविधान को लेकर भी अपनी बात रखी। डॉ. वर्मा ने कहा कि देश संविधान से चलेगा और कांग्रेस संविधान का पालन करने वाली पार्टी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राजनीति करने के लिए नहीं, बल्कि काम करने के उद्देश्य से राजनीति में आए हैं।

राहुल गांधी से मुलाकात का किया जिक्र

डॉ. राकेश वर्मा ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान वह उनके विचारों से प्रभावित हुए। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के संघर्ष और कार्यशैली से भी प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि राजनेताओं और अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उनका उद्देश्य समाज के लिए काम करना है।

85 दिव्यांग बच्चों की कर रहे परवरिश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि डॉ. राकेश वर्मा और फिरदौस बानो सामाजिक क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. वर्मा 85 दिव्यांग बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। अजय राय के मुताबिक, उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। डॉ. वर्मा ने संगठन में काम करने की इच्छा भी जताई है।

कई अन्य लोगों ने भी ली कांग्रेस की सदस्यता

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, विचार विभाग के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र यादव, बद्री विशाल तिवारी, राजेश जायसवाल, अनामिका यादव, पुष्पेंद्र सिंह, संजय सिंह, राकेश पांडेय, केके शुक्ला और राजेंद्र पांडेय समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

वहीं, मोहनलालगंज से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में लखनऊ के राम कुमार ठाकुर, विकास चंद्रा, राज कुमार, सुमित कुमार, शैलेंद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार ठठेर, मो. उस्मान और मो. जाकिर हुसैन समेत कई अन्य लोगों ने भी कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।