RSS प्रमुख मोहन भागवत 17 फरवरी को लखनऊ दौरे पर, चार प्रमुख बैठकों में होंगे शामिल
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत 17 फरवरी को दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचेंगे। संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में वह 17 और 18 फरवरी को चार प्रमुख बैठकों में भाग लेंगे।
लखनऊ महानगर इकाई की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में कुटुंब मिलन, सामाजिक सद्भाव बैठक, युवाओं से संवाद और प्रबुद्धजन गोष्ठी शामिल हैं। शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ प्रमुख देशभर में क्षेत्र और प्रांतवार प्रवास कर विभिन्न वर्गों से संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में उनका यह अवध प्रांत के लखनऊ महानगर का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की उनसे मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। हालांकि संघ पदाधिकारियों का कहना है कि यह पूर्णतः संगठनात्मक कार्यक्रम है और इसमें किसी राजनीतिक बैठक का औपचारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं है।
