Movie prime

सहारनपुर: 613 करोड़ की सौगात, CM योगी बोले- अब UP में दंगे नहीं, विकास और विरासत दोनों...
 

 
 सहारनपुर: 613 करोड़ की सौगात, CM योगी बोले- अब UP में दंगे नहीं, विकास और विरासत दोनों...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर में 613 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरे प्रदेश के समान विकास के लिए काम कर रही है, जबकि पहले कुछ सरकारें केवल अपने स्वार्थ और सीमित क्षेत्रों तक ही विकास को सीमित रखती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के प्रति दृढ़ संकल्प का परिणाम आज पूरे उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत होने से दंगों का दौर समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब किसी को भी हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सपा पर साधा निशाना

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले कांवड़ यात्रा का विरोध किया जाता था और प्रदेश में लोगों को जातियों के नाम पर बांटने की राजनीति होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और दंगाइयों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने उपद्रवियों को सजा दिलाने का काम किया है।

सहारनपुर को मिलेगी एयर कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद सरकार ने दशकों से लंबित परियोजनाओं को पूरा किया है। अब सहारनपुर सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी के साथ-साथ हवाई संपर्क से भी जुड़ने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को हवाई यात्रा के लिए दिल्ली या देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन अब सहारनपुर से ही उड़ानें शुरू होंगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज और एसटीपी परियोजना को मिलेगी रफ्तार

उन्होंने बताया कि सहारनपुर मेडिकल कॉलेज के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण की आधारशिला रखी गई है। इसके अलावा शहर में सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की भी आधारशिला रखी गई, जिससे स्वच्छ पेयजल और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

शाकंभरी कॉरिडोर का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शाकंभरी धाम के लिए भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आने वाली समस्याओं को देखते हुए सरकार ने तत्काल विकास कार्यों के निर्देश दिए थे। भविष्य में किसी भी मौसम में श्रद्धालुओं को मां शाकंभरी के दर्शन के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वुड कार्विंग उद्योग की सराहना

सीएम योगी ने सहारनपुर के काष्ठ शिल्प और वुड कार्विंग उद्योग की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों ने अपनी परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर से हर साल 600 करोड़ रुपये से अधिक के वुड कार्विंग उत्पादों का निर्यात हो रहा है।

लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), कृषक समृद्धि योजना और एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इनमें रचना, सौरथ, विजय पांडे, सोमती, कृष्ण पाल, अनुपेक्षा, अमित कुमार, प्रवीण कुमार, अशोक कुमार, असलन अंसारी, सैद, प्रीति, मीनाक्षी और सिमरन सहित कई लाभार्थी शामिल रहे।