Movie prime

Saharanpur News: मस्जिद ध्वस्तीकरण के विरोध में पहुंचीं हुदा जरीवाला गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

Saharanpur Mosque Row: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने AAP की पूर्व प्रवक्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने उन पर प्रशासनिक कार्रवाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।

 
s
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी की पूर्व प्रवक्ता, यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जरीवाला सोमवार शाम मस्जिद ध्वस्तीकरण के विरोध में सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंची थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

सर्किट हाउस पहुंचने पर पुलिस ने रोका

पुलिस के अनुसार, हुदा जरीवाला के सर्किट हाउस पहुंचने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्हें सर्किट हाउस के अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई सहारनपुर के सदर बाजार थाने में उनके खिलाफ दी गई शिकायत के बाद की गई।

अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने दी थी शिकायत

अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने सोमवार सुबह सदर बाजार थाने में हुदा जरीवाला के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जरीवाला ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। शिकायत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में जरीवाला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाने के साथ मुस्लिम समाज की ओर से विरोध की बात करती दिखाई देती हैं।

पुलिस का दावा है कि इसी वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।

वीडियो सामने आने के बाद शिकायत

शिकायतकर्ता दुष्यंत सिंह का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद जरीवाला के कथित बयान को लेकर लोगों में नाराजगी थी। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शिकायत के आधार पर पुलिस ने हुदा जरीवाला के खिलाफ कार्रवाई की। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

कौन हैं हुदा जरीवाला?

हुदा जरीवाला आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रह चुकी हैं। वह यूट्यूब और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। इसके अलावा वह लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के तौर पर काम कर चुकी हैं।

पहले भी सामने आया था जमीयत का बयान

सहारनपुर की ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट मस्जिद को गिराए जाने के बाद जमीयत उलमा-ए-हिंद की ओर से भी बयान सामने आया था। संगठन ने मामले को लेकर चिंता जताते हुए कहा था कि आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

रात में सील की गई थी मस्जिद

गौरतलब है कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। प्रशासन के मुताबिक, मस्जिद को रात में सील किया गया और इसके बाद सुबह से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद से ही इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब हुदा जरीवाला की गिरफ्तारी ने इस विवाद को और चर्चा में ला दिया है।