कल्कि धाम जाने का सफर होगा आसान, गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा मंदिर; 140 करोड़ से बनेगी फोरलेन सड़क
उत्तर प्रदेश के संभल स्थित श्री कल्कि धाम तक पहुंचना अब पहले से आसान होने वाला है। गंगा एक्सप्रेसवे के खिरनी इंटरचेंज से मंदिर तक करीब 18 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस परियोजना के पहले चरण के लिए 140 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है। इसके अलावा, कल्कि धाम से जोया तक करीब 14.5 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण की भी योजना है।
गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा कल्कि धाम
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, प्रस्तावित फोरलेन सड़क संभल के ऐंचोड़ा कंबोह गांव स्थित श्री कल्कि धाम मंदिर को गंगा एक्सप्रेसवे के खिरनी इंटरचेंज से जोड़ेगी। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 140 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के अनुसार, पूरी परियोजना को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में गंगा एक्सप्रेसवे से श्री कल्कि धाम तक सड़क बनाई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में कल्कि धाम से जोया तक सड़क का चौड़ीकरण होगा। पहले हिस्से के लिए 140 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें से 14 करोड़ रुपये जारी भी हो चुके हैं।
कल्कि धाम से जोया तक 14.5 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण
परियोजना के दूसरे चरण में ऐंचोड़ा कंबोह से जोया तक करीब 14.5 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। इसके लिए सड़क के दोनों ओर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। प्रशासन को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है।
इस काम पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जमीन अधिग्रहण पूरा होने के बाद सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद इस हिस्से के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
आसपास के गांवों को भी मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ
नई फोरलेन सड़क बनने से श्री कल्कि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा एक्सप्रेसवे से मंदिर तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही आसपास के गांवों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।
फिलहाल इस मार्ग के कई हिस्सों में अतिक्रमण की समस्या थी। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया गया है। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ व्यापार और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
श्री कल्कि धाम में मंदिर निर्माण का काम भी जारी है। ऐसे में गंगा एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी मिलने के बाद इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
