Movie prime

राजभर के दावे पर सनातन पांडेय का पलटवार, बोले- सपा छोड़ूं तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा
 

 
 राजभर के दावे पर सनातन पांडेय का पलटवार, बोले- सपा छोड़ूं तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में संभावित टूट के दावे को सपा सांसद सनातन पांडेय ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने राजभर के बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि यदि वह कभी समाजवादी पार्टी से बागी हुए तो सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि उन्हें दुनिया की कोई ताकत समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उन्हें विधायक और सांसद बनने का अवसर दिया है और पार्टी से उनका रिश्ता अटूट है।

ओमप्रकाश राजभर द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए "बागी बलिया" वाले पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सनातन पांडेय ने कहा कि उन्हें ये बातें सुनकर हंसी आती है। उन्होंने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई मेरे बारे में ऐसी बातें कहेगा। मुझे समझ नहीं आ रहा कि इसका क्या जवाब दूं। समाजवादी पार्टी ने मुझे सब कुछ दिया है, लेकिन राजभर ने मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर कर दिया है, इसके लिए उनका धन्यवाद।"

उन्होंने बताया कि हर वर्ष 5 अगस्त को समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और इस बार भी इसकी व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 2025 में भी बड़ा आयोजन हुआ था, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया था। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी ब्राह्मण समाज के व्यक्ति में नाराजगी नहीं थी, बल्कि एक ब्राह्मण समर्थक ने लोगों के आने-जाने के लिए दस बसों की व्यवस्था कराई थी।

सनातन पांडेय ने कहा कि उनके पिता उन्हें इंजीनियर बनाना चाहते थे, लेकिन पिता के निधन के बाद वर्ष 1986 से उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना। उन्होंने दोहराया कि यदि ओमप्रकाश राजभर की यह बात सही साबित हो जाए कि बलिया का कोई नेता सपा से बगावत करेगा, तो वह राजनीति से ही संन्यास ले लेंगे।