मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस का मंगलवार को विधानसभा घेराव, अजय राय के नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसको लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं को लखनऊ आने से रोकने की कोशिश में जुटा है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत यह घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे प्रदेश मुख्यालय पर कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र होंगे, जिसके बाद जुलूस के रूप में विधानसभा की ओर कूच किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी अजय राय के नेतृत्व में विधानसभा घेराव किया गया था। उस दौरान पुलिस ने सख्ती बरतते हुए अजय राय सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था।
कांग्रेस का आरोप है कि इस बार भी पुलिस प्रशासन पार्टी नेताओं को रोकने के लिए कार्रवाई कर रहा है। कई जिलों में वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की सूचना है, ताकि वे लखनऊ पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।
अजय राय ने कहा कि मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा और कांग्रेस जनता की आवाज उठाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
