UP चुनाव से पहले सपा का बड़ा ऐलान, महिलाओं को हर साल 40 हजार देगी ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का प्रावधान किया जाएगा।
डिंपल यादव के मुताबिक, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना है। हालांकि, योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा, आवेदन की प्रक्रिया क्या होगी और पात्रता की शर्तें क्या रहेंगी, इसकी विस्तृत जानकारी पार्टी की ओर से आगे जारी किए जाने की संभावना है।
आधी आबादी की तरक्की के बिना देश की प्रगति अधूरी: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और समाज की प्रगति महिलाओं की तरक्की के बिना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और भविष्य में इस राशि को बढ़ाने का भी प्रावधान किया जा सकता है।
बेटियों को लैपटॉप देने का भी वादा
अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर उन्हें तकनीक से जोड़ने का काम किया गया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में इंटर पास करने वाली बेटियों को भी लैपटॉप देने की योजना पर काम किया जाएगा।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कहा कि इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने और महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लिए नारी सिर्फ राजनीतिक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है और समाजवादी पार्टी महिलाओं की असुरक्षा की भावना को दूर करने के लिए काम करेगी।
अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई 102 एम्बुलेंस सेवा का भी जिक्र किया और मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
