Movie prime

जनेश्वर मिश्र जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, अखिलेश बोले- 2027 में बदलाव तय; BJP पर PDA को लेकर साधा निशाना
 

 
 जनेश्वर मिश्र जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, अखिलेश बोले- 2027 में बदलाव तय; BJP पर PDA को लेकर साधा निशाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। समाजवादी विचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और पूरे परिसर में 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' व 'समाजवाद जिंदाबाद' के नारे गूंजते रहे।

सुबह करीब 11:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे अखिलेश यादव गोल्फ कार्ट से प्रतिमा स्थल तक पहुंचे। जैसे ही वह कार्ट से उतरकर आगे बढ़े, कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उन्हें घेरने लगी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और उन्हें सुरक्षित प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया, जहां उन्होंने जनेश्वर मिश्र को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रबुद्धजन सम्मेलन में 2027 का भरा हुंकार

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां ब्राह्मण समाज को साधने के उद्देश्य से आयोजित 'प्रबुद्धजन सम्मेलन' में शामिल हुए। सम्मेलन में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज से जुड़े पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी आंदोलन और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।

'बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली, लेकिन बदलाव की आवाज नहीं रुकेगी'

अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे 2027 में बदलाव की आवाज को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लोहिया पार्क भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन विचारों के स्तर पर वह देश का सबसे बड़ा पार्क है।

PDA को लेकर भाजपा पर हमला

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति से घबराई हुई है और अब इसकी नई-नई परिभाषाएं गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों को एकजुट होकर भाजपा को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा, "जब से भाजपा PDA से हारी है, तब से उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है। PDA में 'P' का मतलब पंडित भी है। पंडित को जितना सताया जाएगा, वह उतना ही मजबूत होगा।"

पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा का बड़ा बयान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसी भी प्रकार का एनकाउंटर नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान हुए सभी कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी अधिकारी की भूमिका सामने आती है, चाहे वह डीजीपी जैसे उच्च पद पर ही क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर जेल भी भेजा जाएगा।