नोएडा बवाल पर सख्त एक्शन: फर्जी वीडियो शेयर करने पर RJD के दो राष्ट्रीय प्रवक्ताओं पर केस दर्ज
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद भड़की हिंसा पर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। इस मामले में पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दो राष्ट्रीय प्रवक्ताओं—प्रियंका भारती और कंचन यादव—के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों प्रवक्ताओं पर नोएडा की घटना बताकर भ्रामक और गलत वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से शहर के अलग-अलग इलाकों में भय और अविश्वास का माहौल पैदा हुआ।
पुलिस ने बताया कि सुनियोजित तरीके से भड़काऊ सूचना फैलाकर पुलिस की छवि को धूमिल करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 और 66D के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, बीते एक सप्ताह से जारी हिंसक प्रदर्शन के बाद बुधवार को नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने लगी है। अधिकांश फैक्ट्रियां खुल गई हैं और कामगार धीरे-धीरे काम पर लौट रहे हैं। हालांकि, कई जगहों पर कामगारों की संख्या कम रही, क्योंकि श्रमिकों में गिरफ्तारी का डर बना हुआ है।
सुबह के समय कुछ स्थानों पर मजदूर फिर से इकट्ठा हुए, लेकिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें समझाकर वापस काम पर भेज दिया। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थान भी दोबारा खुल गए हैं और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है।
