Movie prime

खूब पसीना बहाइए, पदक लाइए, सरकार देगी नौकरी... जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं फरियादें
 

 
खूब पसीना बहाइए, पदक लाइए, सरकार देगी नौकरी... जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं फरियादें
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को उनकी शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

जनता दर्शन में पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ी मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतें। प्रदेश सरकार ऐसे खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ-साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति दे चुकी है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा, “आप भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाइए, सरकार पुरस्कार राशि के साथ नौकरी भी देगी। लेकिन इसके लिए खूब पसीना बहाना होगा।” उन्होंने खिलाड़ियों को खेलकर खिलने का आशीर्वाद भी दिया।

पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं की काउंसिलिंग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों को घर के बड़े-बुजुर्गों की मौजूदगी में सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी मामलों में बाहरी लोगों की दखलंदाजी उचित नहीं होती और इसका सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ता है। इसलिए पारिवारिक विवादों को घर के भीतर ही समझदारी से सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में हुई देरी की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनका नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद भी दिया।