Movie prime

देश का सबसे बड़ा एल्युमिनियम सिलिकेट भंडार सोनभद्र में! UP-झारखंड सीमा पर मिले 6 ब्लॉक, 26% तक ग्रेड
 

 
 देश का सबसे बड़ा एल्युमिनियम सिलिकेट भंडार सोनभद्र में! UP-झारखंड सीमा पर मिले 6 ब्लॉक, 26% तक ग्रेड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एल्युमिनियम सिलिकेट अयस्क एंडालुसाइट (Andalusite) का देश का सबसे बड़ा अनुमानित भंडार मिलने से प्रदेश की खनिज संपदा को नई पहचान मिली है। भारतीय खान ब्यूरो (IBM) की रिपोर्ट-2024 के अनुसार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की सीमा पर एंडालुसाइट के छह नए ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं। इनमें कुल अनुमानित भंडार का 91 प्रतिशत यानी 114.25 मिलियन टन अकेले सोनभद्र जिले में मौजूद है।

रिपोर्ट के अनुसार, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) ने वर्ष 2012-13 से 2020-21 के बीच चार चरणों में कोन-विंढमगंज (सलईडीह-हरवरिया) क्षेत्र के लगभग 48 वर्ग किलोमीटर इलाके का विस्तृत सर्वेक्षण किया। सर्वे में मिले सकारात्मक परिणामों के बाद अब विस्तृत शोध, ड्रिलिंग और संभावित खनन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

सोनभद्र के पांच ब्लॉकों में सबसे बड़ा भंडार

IBM की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और झारखंड में कुल छह फ्री-होल्ड डिपॉजिट (ब्लॉक) चिन्हित किए गए हैं। इनमें सोनभद्र के सलईडीह-हरवरिया, फुलवार समेत पांच ब्लॉकों में 114.25 मिलियन टन एंडालुसाइट होने का अनुमान है। वहीं, झारखंड के गढ़वा जिले के नगर-उंटारी क्षेत्र में 11.8 मिलियन टन भंडार मिला है। इस खनिज का औसत ग्रेड 24 से 26 प्रतिशत आंका गया है।

180 करोड़ वर्ष पुरानी चट्टानों में मिले संकेत

लखनऊ विश्वविद्यालय और बीएचयू के भू-वैज्ञानिकों ने भी कई बार जिले के खनिज क्षेत्रों का सर्वे किया है। सर्वेक्षण में रेणुकूट वन प्रभाग के जमतिहवा नाला की लगभग 180 करोड़ वर्ष पुरानी चट्टानों से लेकर रजखड़ और दुद्धी के उत्तर की पहाड़ियों तक एंडालुसाइट की परतें मिलने की संभावना जताई गई है।

सिलिमेनाइट का भी मिला बड़ा भंडार

सर्वेक्षण रिपोर्ट में सोनभद्र के बभनी-बीजपुर क्षेत्र में सिलिमेनाइट (एल्युमिनो सिलिकेट खनिज) का भी बड़ा भंडार मिलने के संकेत मिले हैं। यह क्षेत्र करीब 600 मीटर चौड़ा और 6 किलोमीटर लंबा है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां 10 से 25 मीटर चौड़े क्षेत्रों में 16 से 32 प्रतिशत (औसतन 25 प्रतिशत) सिलिमेनाइट मौजूद हो सकता है। इसका कुल अनुमानित भंडार 10 मिलियन टन बताया गया है।

कई उद्योगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है एंडालुसाइट

एंडालुसाइट का उपयोग इस्पात, सीमेंट और कांच उद्योगों में उच्च तापमान वाली भट्टियों के लिए अग्निरोधी ईंटें और ब्लॉक बनाने में किया जाता है। इसके अलावा ऑटोमोबाइल स्पार्क प्लग, उच्च गुणवत्ता वाले सिरेमिक उत्पाद, धातु ढलाई, पेट्रोकेमिकल रिफाइनरियों और रत्न निर्माण में भी इसका व्यापक इस्तेमाल होता है। सिलिमेनाइट भी इस्पात, कांच, सिरेमिक और इंसुलेटर उद्योगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण खनिज माना जाता है।

औद्योगिक निवेश और रोजगार की बढ़ेगी संभावनाएं

लखनऊ विश्वविद्यालय के भू-विज्ञान विभाग के प्रोफेसर विभूति राय के अनुसार, सोनभद्र में एंडालुसाइट का विशाल भंडार व्यावसायिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यदि विस्तृत सर्वेक्षण के बाद खनन शुरू होता है, तो जिले में बड़े औद्योगिक निवेश के साथ हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं और सोनभद्र देश के प्रमुख खनिज एवं औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकता है।