Movie prime

काम हो गया... बेटे की हत्या के 10 मिनट बाद प्रेमी का मैसेज, मां ने पूछा- किसी ने देखा तो नहीं?
 

 
 काम हो गया... बेटे की हत्या के 10 मिनट बाद प्रेमी का मैसेज, मां ने पूछा- किसी ने देखा तो नहीं?
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मेरठ। बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज गांव में छह वर्षीय मासूम अंगदवीर की अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसकी मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरप्रीत ने अपने प्रेमी अर्पित पाराशर के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले और बाद में गुरप्रीत लगातार अपने प्रेमी अर्पित पाराशर के संपर्क में थी। हत्या के महज दस मिनट बाद अर्पित ने व्हाट्सएप पर गुरप्रीत को संदेश भेजकर लिखा था, "काम हो गया है।" इस पर गुरप्रीत ने जवाब दिया, "किसी ने देखा तो नहीं?" बाद में उसने लिखा, "पुलिस के हाथ फुटेज लग गई हैं, अब नहीं बचोगे... कॉल मत करना।" इसके बाद दोनों ने अपनी व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी थी।

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि डिलीट की गई चैट को रिकवर करने पर गुरप्रीत के साजिश में शामिल होने के पुख्ता सबूत मिले। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और वहां से जेल भेज दिया गया।

जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन गुरप्रीत ने अपने बेटे अंगदवीर को हाथ के इशारे से अर्पित की कार के पास भेजा था। उसने बच्चे से कहा था कि कार में बैठे अंकल उसे घड़ी और चॉकलेट दिलाने ले जाएंगे। इसके बाद वह खुद दवा लेने के बहाने अपने मायके नजीबाबाद चली गई थी।

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में अर्पित अंगदवीर को कार में ले जाता दिखाई दिया। फुटेज की जानकारी मिलने पर गुरप्रीत ने अर्पित को मैसेज किया था कि गांव में पुलिस पहुंच गई है और उसके पास फुटेज है, जिससे वह फंस सकता है।

पूछताछ में गुरप्रीत ने बताया कि रविवार को उसने अर्पित को अपने घर बुलाया था। रात में दोनों साथ थे, तभी पास में सो रहे अंगदवीर की नींद खुल गई और उसने अपनी मां को अर्पित के साथ देख लिया। दोनों को डर था कि बच्चा अपने पिता और दादी को उनके संबंधों के बारे में बता देगा। इसी आशंका के चलते दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के मुताबिक, गुरप्रीत अपने पति गुरसेवक से तलाक चाहती थी और उसे लगता था कि बेटे अंगदवीर की वजह से पति तलाक देने को तैयार नहीं है। इसी कारण उसने बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि चैट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गुरप्रीत कौर की गिरफ्तारी की गई है। वह बेटे के अपहरण और हत्या की साजिश में बराबर की भागीदार थी।

गौरतलब है कि इस मामले में एचडीएफसी बैंक में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत अर्पित पाराशर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया था कि प्रेम संबंधों का राज खुलने के डर से उसने अंगदवीर की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया था।