Movie prime

मैदान की मिट्टी हार नहीं, उठना सिखाती है... CM योगी की प्रदेशवासियों को पाती, यूपी को खेलों में नंबर-1 बनाने का संकल्प
 

 
 मैदान की मिट्टी हार नहीं, उठना सिखाती है... CM योगी की प्रदेशवासियों को पाती, यूपी को खेलों में नंबर-1 बनाने का संकल्प
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी विशेष पाती में उत्तर प्रदेश की बदलती खेल संस्कृति, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और सरकार की खेल नीति का उल्लेख करते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि "मैदान की मिट्टी जीत-हार नहीं, बल्कि हर बार उठकर आगे बढ़ना सिखाती है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और अब खेलों में भी देश का नंबर-1 राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

d

सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि चैंपियन एक दिन में नहीं बनते और न ही खेल संस्कृति रातों-रात विकसित होती है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण, सकारात्मक सोच और टीम भावना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यही खेल भावना विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की मजबूत नींव बनेगी।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को कभी न रोकें। खेल न केवल व्यक्तित्व विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की सबसे प्रभावी शक्ति भी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम तथा हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार हो चुका है, जो खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

सीएम योगी ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। यहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सरकारी नौकरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की इन पहलों से उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा और प्रदेश खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।