Movie prime

उत्तर प्रदेश बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू, 11 फरवरी को योगी सरकार पेश करेगी 2026-27 का बजट
 

 
 उत्तर प्रदेश बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू, 11 फरवरी को योगी सरकार पेश करेगी 2026-27 का बजट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 9 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। वहीं, 11 फरवरी को योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। यह जानकारी वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद दी।

बजट सत्र की शुरुआत 9 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। 10 फरवरी को सदन में दिवंगत विधानसभा सदस्यों पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे।

यह बजट विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में जल्द ही पंचायत चुनाव होने हैं और 2027 में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में योगी सरकार लोककल्याणकारी योजनाओं, गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को लक्षित कई नई घोषणाएं कर सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि चुनावी वर्ष को देखते हुए बजट में लोकलुभावन तत्वों पर जोर दिया जा सकता है, जैसे नई कल्याणकारी योजनाएं, सब्सिडी बढ़ोतरी, रोजगार सृजन और विकास परियोजनाओं को गति।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट तैयारियों के दौरान लोककल्याण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट बैठक में कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई, जिसमें शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं शामिल हैं।