Movie prime

मेट्रो से जुड़ेंगे लखनऊ के ये बड़े इलाके, बाराबंकी तक नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी तेज

 
मेट्रो से जुड़ेंगे लखनऊ के ये बड़े इलाके, बाराबंकी तक नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी तेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : राजधानी लखनऊ में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं। अगले दो दशकों में शहर के प्रमुख इलाकों को मेट्रो से जोड़ने की योजना पर काम शुरू हो गया है। प्रस्तावित विस्तार में बाराबंकी को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है। इसी क्रम में नए कॉरिडोर के लिए करीब 20 हेक्टेयर जमीन पर मेट्रो डिपो विकसित करने की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं।

डिपो के लिए जमीन चिह्नित करने की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने पांच सदस्यीय समिति को सौंपी है। समिति प्रस्तावित मेट्रो लाइन के आसपास सरकारी और अन्य उपलब्ध जमीनों का सर्वे करेगी।

1-2 किलोमीटर के दायरे में तलाश

मेट्रो डिपो के लिए ऐसी जमीन खोजी जा रही है, जिसे प्रस्तावित मेट्रो लाइन से आसानी से जोड़ा जा सके। इसके लिए प्रस्तावित संरेखण के आसपास करीब एक से दो किलोमीटर के दायरे में जमीन देखी जा रही है। शुरुआती स्तर पर तीन स्थानों पर जमीन तलाशे जाने की जानकारी है।

समिति जमीन की उपलब्धता के साथ-साथ उसके स्वामित्व, उपयोगिता और संबंधित अभिलेखों की भी जांच करेगी।

LDA ने बनाई पांच सदस्यीय समिति

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने डिपो के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए पांच अधिकारियों की समिति गठित की है। इसमें अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, मुख्य नगर नियोजक और मुख्य अभियंता को सदस्य बनाया गया है। अधिशासी अभियंता मनोज सागर को समिति का संयोजक बनाया गया है।

समिति का उद्देश्य ऐसी जमीन तलाशना है, जहां भविष्य में मेट्रो डिपो विकसित किया जा सके और उसे प्रस्तावित कॉरिडोर से जोड़ने में तकनीकी परेशानी न हो।

बाराबंकी से पीजीआई तक बढ़ेगा नेटवर्क

प्रस्तावित विस्तार में बाराबंकी, पीजीआई, सीतापुर रोड, आईआईएम रोड, राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल, एकाना स्टेडियम, सुशांत गोल्फ सिटी और आशियाना समेत कई प्रमुख क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है।

लंबी अवधि में 2047 तक लखनऊ के प्रमुख इलाकों को मेट्रो से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इससे शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सिर्फ ट्रेन खड़ी करने की जगह नहीं होगा डिपो

मेट्रो डिपो में ट्रेनों को खड़ा करने के अलावा उनकी सफाई, नियमित जांच, रखरखाव और मरम्मत जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं होती हैं। इसलिए डिपो के लिए ऐसी जगह का चयन किया जा रहा है, जो मेट्रो लाइन के नजदीक होने के साथ परिचालन की दृष्टि से भी उपयुक्त हो।

सीजी सिटी में IT पार्क की भी तैयारी

मेट्रो विस्तार के साथ सीजी सिटी में प्रस्तावित आईटी पार्क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की योजना भी है। यहां आधुनिक कार्यालय परिसर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य तकनीकी कंपनियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और लखनऊ में आईटी निवेश को बढ़ावा देना है।

ये 10 नए मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित

1. कल्ली पश्चिम-आईआईएम — 45 किमी

2. राजाजीपुरम-आईआईएम — 18.42 किमी

3. चारबाग-कल्ली पश्चिम — 13 किमी

4. इंदिरा नगर-सीजी सिटी — 7.7 किमी

5. इंदिरा नगर-अनोरा कला — 9.27 किमी

6. सीसीएस एयरपोर्ट-बंथरा — 11 किमी

7. मुंशीपुलिया-जानकीपुरम — 6.29 किमी

8. सीजी सिटी-एयरपोर्ट — 19.8 किमी

9. कल्ली पश्चिम-मोहनलालगंज — 6 किमी

10. अनोरा कला-बाराबंकी — 14 किमी