Movie prime

कुंडा में आज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे रामकथा, बेंती में 1 हजार पुलिसकर्मी तैनात
 

 
 कुंडा में आज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे रामकथा, बेंती में 1 हजार पुलिसकर्मी तैनात
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कुंडा (प्रतापगढ़)। बेंती में आज मंगलवार से श्रीराम कथा शुरू होगी। बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दोपहर दो बजे से कथा सुनाएंगे। आयोजन कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के संयोजन में हो रहा है। कथा से पहले सोमवार को निकली कलश यात्राओं का कई जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। कुछ स्थानों पर बुलडोजर से भी फूल बरसाए गए।

कुंडा, बिहार, कालाकांकर और बाबागंज ब्लॉक के साथ ही कुंडा, डेरवा, हीरागंज और मानिकपुर नगर पंचायतों से श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलीं। कुछ महिलाओं ने माथे पर ‘राम’ लिख रखा था। रास्ते भर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीराधे’ के जयकारे गूंजते रहे। कथा स्थल पर सभी कलश वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित किए गए।

आधा क्विंटल से अधिक वजनी कलश रहा आकर्षण का केंद्र

कुंडा और बिहार ब्लॉक की संयुक्त यात्रा बिहार स्थित संत राज महाविद्यालय परिसर से निकली। कुंडा की यात्रा में शामिल पीतल का मुख्य कलश प्रयागराज के कारीगरों ने तैयार किया था। इसका वजन आधा क्विंटल से अधिक और कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई। राजा भैया ने मुख्य कलश का पूजन किया।

बाबागंज की यात्रा कनावां से निकली, जिसकी अगुवाई बृजराज प्रताप सिंह ने की। बाघराय में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के संयोजन में निकली यात्रा में करीब 300 चारपहिया वाहन और 500 से अधिक बाइक शामिल रहीं। वाहनों की भीड़ के बीच कुछ वाहन आपस में टकरा गए। डेरवा में मां कुलदेवी धाम से निकली यात्रा बाबा भीटेश्वर नाथ धाम पहुंची, जहां भंडारा हुआ।

कथा स्थल पर दो अस्थायी थाने, पांच दमकल वाहन तैनात

भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए कथा स्थल को सात जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया है। यहां करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अग्नि सुरक्षा के लिए पांच दमकल वाहनों के साथ 10 प्रमुख स्थानों पर 50 दमकलकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कथा स्थल का निरीक्षण किया। एसपी के मुताबिक, पार्किंग और जांच की व्यवस्था की गई है। यातायात नियंत्रण के लिए बैरियर लगाए गए हैं और दो अस्थायी थाने बनाए गए हैं।