कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, खेतों में गिरा ट्रेनिंग विमान; दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत
कानपुर। कानपुर के कटरी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। नत्थूपुरवा गांव के पास एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अचानक तेज आवाज के साथ खेतों में गिरा। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने विमान के मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला। इनमें से एक ट्रेनी पायलट को गंभीर हालत में तत्काल हैलट अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विमान के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
