Movie prime

गाजीपुर में गैस सिलेंडर रिसाव के बाद बाइक में जोरदार धमाका, दो बच्चों की झुलसकर मौत
 

 
 गाजीपुर में गैस सिलेंडर रिसाव के बाद बाइक में जोरदार धमाका, दो बच्चों की झुलसकर मौत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गाजीपुर। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से पास के कमरे में छिपे दो बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। हादसे के दौरान कमरे में खड़ी बाइक की पेट्रोल टंकी तेज धमाके के साथ फट गई, जिससे मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान सुंदरम यादव (12) और विशाल शर्मा (14) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे।

दूध लेने के बाद आंगन में बैठे थे दोनों बच्चे

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह सुंदरम यादव अपनी बहन रेखा के साथ पड़ोस में रहने वाले दोस्त विशाल शर्मा के घर दूध लेने गया था। दूध लेने के बाद दोनों बच्चे घर के आंगन में बैठकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं।

अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में रसोई में आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर मीना देवी और रेखा घर से बाहर निकल गईं।

जान बचाने के लिए पटनी पर छिपे, लेकिन नहीं बच सके

आग फैलता देख आंगन में मौजूद सुंदरम और विशाल घबरा गए। दोनों जान बचाने के लिए पास के कमरे में चले गए और वहां बनी पटनी पर छिप गए। इसी दौरान आग कमरे तक पहुंच गई और वहां खड़ी बाइक की पेट्रोल टंकी में तेज धमाका हो गया।

धमाका इतना जोरदार था कि मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर खंडहर में तब्दील हो गया। पटनी पर छिपे दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार राम नारायण वर्मा समेत स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।