UP Blackout Mock Drill: आज शाम 6 बजे यूपी के 75 जिलों में बजेगा सायरन, कुछ देर के लिए गुल होगी बिजली
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान करीब दो मिनट तक सायरन बजेगा और कुछ समय के लिए बिजली बंद की जाएगी। जानिए मॉक ड्रिल का उद्देश्य, इसमें शामिल विभाग और ऑल क्लियर सायरन का मतलब।
UP Blackout Mock Drill: उत्तर प्रदेश में आज शाम 6 बजे एक साथ सायरन गूंजेगा और प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुछ समय के लिए बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। इस दौरान शहरों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति रहेगी और प्रशासन की टीमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास करेंगी। दरअसल, युद्ध या किसी अन्य आपात स्थिति में राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए प्रदेशभर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से होने वाले इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इसके जरिए करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैयारियों और आपात स्थिति में उनकी भूमिका का भी आकलन किया जाएगा।
आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार शाम 6 बजे एक साथ ब्लैकआउट मॉक ड्रिल शुरू होगी। अभ्यास के दौरान कुछ समय के लिए बिजली की सप्लाई बंद की जाएगी और हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया जाएगा। इसका उद्देश्य युद्ध जैसी परिस्थितियों में प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को जांचना है।
दो मिनट तक बजेगा एयर रेड सायरन
मॉक ड्रिल के दौरान करीब दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इसके जरिए हवाई हमले जैसी आपात स्थिति का संकेत दिया जाएगा। इस दौरान यह देखा जाएगा कि चेतावनी मिलने के बाद संबंधित विभाग कितनी तेजी से सक्रिय होते हैं और आम लोगों तक सूचना पहुंचाने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
अभ्यास में पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव से जुड़ी टीमें भी अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और उनकी प्रतिक्रिया की क्षमता को परखा जाएगा।
अभ्यास पूरा होने पर बजेगा ऑल क्लियर सायरन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सायरन बजने और बिजली बंद होने की पूरी प्रक्रिया मॉक ड्रिल का हिस्सा है। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अभ्यास पूरा होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा, जो स्थिति सामान्य होने का संकेत देगा। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में चेतावनी प्रणाली, विभागों के बीच समन्वय और राहत-बचाव व्यवस्था की प्रभावशीलता की जांच करना है।
