UP बोर्ड 2026: हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और इंटर कम्पार्टमेंट परीक्षा के आवेदन 6 जून से, 27 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 जून से शुरू होगी। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर 27 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस परीक्षा के माध्यम से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के ऐसे छात्रों को एक और अवसर मिलेगा, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं।
क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा के ऐसे परीक्षार्थी, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। वहीं, दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को कम्पार्टमेंट परीक्षा के तहत किसी एक विषय में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 256.50 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं। कृषि वर्ग के अभ्यर्थी कृषि भाग-1 अथवा भाग-2 के किसी एक प्रश्नपत्र तथा व्यावसायिक वर्ग के विद्यार्थी ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने पर कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए पात्र होंगे। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 306 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
बोर्ड के अनुसार, परीक्षार्थियों को निर्धारित शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से परिषद के मानक मद में जमा करना होगा। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में लिखित और प्रयोगात्मक दोनों भागों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को दोनों परीक्षाएं देनी होंगी। जबकि किसी विषय के एक भाग में अनुत्तीर्ण और दूसरे भाग में उत्तीर्ण अभ्यर्थी केवल अनुत्तीर्ण भाग की परीक्षा दे सकते हैं। यदि वे चाहें तो दोनों भागों की परीक्षा में भी शामिल हो सकते हैं।
वाराणसी मंडल में परीक्षा संचालन के लिए 30 परीक्षा केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। हालांकि, परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां बाद में अलग से घोषित की जाएंगी।
