UP Board Exam 2026: 100 से ज्यादा कॉपियों में मिले ₹500 के नोट, 12 छात्रों पर शक
Lucknow : यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा 2026 के बाद उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये मिलने का मामला सामने आने से परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मूल्यांकन के लिए दूसरे जिले भेजी गई कॉपियों में 500-500 रुपये के नोट बंधे हुए मिले। जानकारी के मुताबिक, 100 से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं में नोट मिले हैं, जो 12 विद्यार्थियों से संबंधित बताई जा रही हैं।
मामला सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जांच शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्र प्रभारी के साथ उन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी तलब किया गया है, जिनके विद्यार्थियों की कॉपियों में पैसे मिले थे।
जुलाई में हुई थी कंपार्टमेंट परीक्षा
मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में जुलाई 2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें करीब 700 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए दूसरे जिले भेजा गया। मूल्यांकन के दौरान कई कॉपियों में 500 रुपये के नोट मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि 100 से अधिक कॉपियों में इस तरह पैसे मिले, जिन्हें 12 छात्रों से संबंधित बताया गया है।
सामूहिक नकल की भी आशंका
कॉपियों में पैसे मिलने के बाद मामले को अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जोड़कर जांच की जा रही है। इसके साथ ही सामूहिक नकल कराए जाने की आशंका भी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर परीक्षा केंद्र प्रभारी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाया गया। मंगलवार को हुई सुनवाई में 12 प्रधानाचार्यों के अलावा जीआईसी मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य और परीक्षा केंद्र प्रभारी सुभाष चंद्र का पक्ष भी सुना गया।
सुनवाई के दौरान क्षेत्रीय सचिव ज्योति प्रसाद ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर प्रधानाचार्यों को फटकार लगाई। सुनवाई पूरी होने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। अब मामले में अंतिम निर्णय उच्च स्तर से लिया जाएगा।
इन स्कूलों के प्रधानाचार्य तलब
जिन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सुनवाई के लिए बुलाया गया, उनमें श्री कुंदकुंद जैन इंटर कॉलेज खतौली, जीआईसी बडसू, आदेश इंटर कॉलेज, श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज रतनपुरी, सर सैयद इंटर कॉलेज बुढ़ाना और एसडीएस इंटर कॉलेज तितावी शामिल हैं।
इसके अलावा किसान मजदूर इंटर कॉलेज जसोई, जीआईसी कन्या इंटर कॉलेज सिसौली, एसडी इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज दधेडू और भारत इंटर कॉलेज नंगला मंदौड़ के प्रधानाचार्यों को भी तलब किया गया।
अब जांच रिपोर्ट और संबंधित अधिकारियों के पक्ष के आधार पर यह तय होगा कि उत्तर पुस्तिकाओं में पैसे पहुंचने के पीछे क्या वजह थी और परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता या नकल हुई थी या नहीं।
