Movie prime

योगी कैबिनेट की बैठक आज, 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर लगेगी मुहर? रोगा-सिपाही भर्ती पर भी बड़ा फैसला संभव

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक होगी। निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर फैसला संभव है। मृतक आश्रित कोटे में पुलिस भर्ती से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। वहीं 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे।
 
योगी कैबिनेट की बैठक
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्तर प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक होगी। बैठक में निवेश, इन्फ्रास्ट्रक्चर, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है। सभी संबंधित विभाग बैठक के लिए अपने प्रस्तावों की तैयारियों में जुटे हैं।

कैबिनेट बैठक में पुलिस विभाग से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी फैसला हो सकता है। मृतक आश्रित कोटे के तहत दरोगा और सिपाही के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा से राहत देने का प्रस्ताव बैठक में रखा जा सकता है।

निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रस्तावों पर नजर

मंगलवार की कैबिनेट बैठक में निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई प्रस्ताव रखे जाने की उम्मीद है। इसके अलावा परिवहन और जनकल्याण से संबंधित प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, अंतिम रूप से किन प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिलती है, यह बैठक के दौरान लिए गए फैसलों के बाद ही स्पष्ट होगा।

3572 युवाओं को आज मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान 3,572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

इनमें कृषि विभाग के 3,446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिव शामिल हैं।

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

प्रदेश में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी निगरानी बढ़ा दी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष और स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण को प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति की लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने सभी जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों पर नजर रखने, उनकी नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

अस्पतालों में जांच और दवाओं की उपलब्धता पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच, उपचार और उपलब्ध संसाधनों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है। लोगों को सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पतालों को अलर्ट

स्वाइन फ्लू के साथ-साथ मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार के मरीजों की आवश्यक जांच और उचित इलाज सुनिश्चित करने के साथ ही आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रखने को कहा गया है। अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त मौजूदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।