UP कैबिनेट का बड़ा फैसला: शिक्षामित्र 18 हजार, अनुदेशक 17 हजार रुपये वेतन पर मंजूरी
वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया है। यह बढ़ा हुआ मानदेय 1 मई से लागू होगा।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि 2017 में भाजपा सरकार आने के बाद शिक्षामित्रों का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था, और अब इसे 18 हजार रुपये किया गया है। प्रदेश में लगभग 27 हजार अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हैं।
बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव छात्रों के लिए 25 लाख टैबलेट खरीदने का भी था। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अब तक प्रदेश में 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं और इस नई खरीद से शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल सुविधा और मजबूत होगी।
