Movie prime

UP कोऑपरेटिव बैंक बना देश का पहला सहकारी बैंक, अब शाखाओं में बनेंगे और अपडेट होंगे आधार कार्ड
 

 
 UP कोऑपरेटिव बैंक बना देश का पहला सहकारी बैंक, अब शाखाओं में बनेंगे और अपडेट होंगे आधार कार्ड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार नामांकन और अपडेट सेवाएं प्रदान करने के लिए अधिकृत कर दिया है। इसके साथ ही यूपी कोऑपरेटिव बैंक देश का पहला सहकारी बैंक बन गया है, जिसे आधार कार्ड बनाने की एजेंसी के रूप में मान्यता मिली है।

बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपी कोऑपरेटिव बैंक की शाखाओं में आधार सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया।

प्रारंभिक चरण में बैंक की शाखाओं में आधार नामांकन, संशोधन और अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में इस सेवा का विस्तार प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) तक किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी अपने नजदीक आधार संबंधी सेवाएं मिल सकेंगी।

यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में लगभग 15 हजार आधार मशीनें कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन करीब 90 हजार लोगों के आधार नामांकन और अपडेट का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोऑपरेटिव बैंक की शाखाओं में यह सुविधा शुरू होने से लोगों को आधार सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन बच्चों की आयु 5 वर्ष या 15 वर्ष हो चुकी है और उनका अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट अभी तक नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कराएं।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग जेपीएस राठौर, परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।