Movie prime

UP: डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला, बोले- बाबरी मस्जिद और मदरसों के चंदे पर क्यों नहीं उठे सवाल? 
 

 
 UP: डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला, बोले- बाबरी मस्जिद और मदरसों के चंदे पर क्यों नहीं उठे सवाल? 
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मिर्जापुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश करने का आरोप लगाया है। मुजेहरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए चंदा लिया गया, लेकिन किसी ने यह प्रश्न नहीं उठाया कि यह पैसा कहां से आया और कहां गया। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मदरसों के संचालन में आने वाले धन के स्रोत की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि टेरर फंडिंग जैसे गंभीर मुद्दों पर विपक्ष ने कभी सवाल नहीं उठाए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने न तो मदरसों की फंडिंग पर और न ही बाबरी मस्जिद के चंदे पर कोई प्रश्न किया।

संभल की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां मंदिर पर कब्जा कर उसे घर में मिला लिया गया, लेकिन इस पर भी किसी ने सवाल नहीं पूछा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और अयोध्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपना कार्य कर रही है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मिर्जापुर भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। विंध्याचल धाम का व्यापक विकास हुआ है और अब प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु सरलता से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर रहे हैं।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मुजेहरा में उतरा, जहां से वह सड़क मार्ग से विंध्याचल गए। वापसी पर उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की और प्रबुद्धजनों से संवाद किया। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।