Movie prime

UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद का बड़ा संकेत, बोले- BJP छोड़ कोई भी साथ आए, स्वागत है

 
UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद का बड़ा संकेत, बोले- BJP छोड़ कोई भी साथ आए, स्वागत है
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़कर कोई भी दल यदि उनकी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसका स्वागत है।

बीबीसी हिंदी को दिए एक इंटरव्यू में चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर कहा कि उन्होंने किसी के लिए अपने दरवाजे बंद नहीं किए हैं।

उन्होंने कहा कि "मैं किसी को मना नहीं कर रहा हूं। अगर कोई हमारे साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहता है तो उसका स्वागत है। लेकिन बीजेपी से हमारा वैचारिक विरोध है, इसलिए उसे छोड़कर जो भी साथ आना चाहे, उसका स्वागत है।"

2022 की हार से लिया सबक

चंद्रशेखर आजाद ने 2022 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में उनकी जमानत जब्त हो गई थी, जिसे उन्होंने अपना राजनीतिक अपमान माना। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस हार से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

उन्होंने कहा कि राजनीति में गिरना और फिर उठकर आगे बढ़ना सामान्य बात है। इसी सोच के साथ उन्होंने दोबारा मेहनत की और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर संसद पहुंचे।

2027 चुनाव की तैयारी तेज

चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 45 प्रभारियों की सूची जारी कर दी है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लगातार जनता के मुद्दों पर काम कर रही है और उन्हें अपनी मेहनत के साथ-साथ जनता के समर्थन पर भी पूरा भरोसा है।

चंद्रशेखर आजाद के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।